
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बलरामपुर में समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि उनके शासन में माफिया मिट्टी में मिल गए. आज कोई खतरा नहीं है. आज उत्तर प्रदेश के लोगों को सम्मान मिलता है. आज यूपी की पहचान विकास के लिए हो रही है. आज यूपी की पहचान सबसे ज्यादा निवेश के लिए हो रही है.
उन्होंने कहा किमाफिया को चुन कर भेजोगे तो खून भी चूस डालेगा. विकास का पैसा लौटेगा ही, संपत्तियों पर भी कब्जा कर लेगा. ये माफिया पहले चूहे की तरह बिदकते थे, बाद में सूअर बन कर पूरे प्रदेश को तबाह करने में आमादा हो गए थे. उन्होंने कहा कि चुनाव में अच्छे लोगों को चुनकर भेजना चाहिए तो अच्छे परिणाम आएंगे. जातिवाद, परिवारवाद से ऊपर उठ कर काम करना होगा जातिवादी, परिवारवादी लोगों के जमाने में सिर्फ एक परिवार और गांव का विकास होता था.
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गरीब को राशन नहीं मिलता था, ये सब सपा के गुंडे खा जाते थे. गरीब देखता रह जाता था. आज कार्ड उपलब्ध कराया है और गरीब को फ्री में राशन मिल रहा है. कोई भेदभाव नहीं है. गरीब के घर में शौचालय उपलब्ध कराया जा रहा है. गांव में ही आय प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है.
सभी को सुरक्षा और योजना का मिल रहा लाभ
उन्होंने कहा कि गरीब के लिए आयुष्मान भारत की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. 2017 से पहले यह सपना हुआ करता था. एक ओर गरीबों को कल्याण योजनाओं का लाभ और उनके उत्थान के लिए काम किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि बहन और बेटियों की सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है.किसी ने बेटी को छेड़ने का दुस्साहस किया, व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की तो ऐसे में किसी को अनावश्यक छेड़ेंगे नहीं, यदि किसी ने छेड़ने की कोशिश की तो छोड़ेंगे नहीं.
राज्य दंगा और गुंडागर्दी से मुक्त है
सीएम योगी ने कहा कि मुझे याद है कि इसी जनपद में जब भी दुर्गा पूजा होता था. दंगे हो जाते थे. मुझे गोरखपुर छोड़कर कभी-कभी आना होता था, लोगों की सुरक्षा के लिए. आज उत्तर प्रदेश में 75 जनपद हैं, 762 नगर निकाय है. 14000 वार्ड हैं, 57000 से अधिक ग्राम पंचायत हैं. दंगा और गुंडागर्दी से मुक्त है.
सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ सालों में डबल इंजन की सरकार ने स्पीड से काम करना शुरू किया. उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद बिजली की समस्या का समाधान किया जा रहा है. उत्तर प्रदेश तेजी से बढ़ रहा है.