महज 8 महीने की शादी का दर्दनाक अंत, झगड़े के बाद पत्नी ने लगाई फांसी, पति ने खाया जहर

उत्तर प्रदेश में झांसी के बबीना थाना क्षेत्र से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. महज आठ महीने पहले सात फेरे लेकर साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले पति-पत्नी का रिश्ता एक विवाद के बाद ऐसी त्रासदी में बदल गया कि पत्नी ने फांसी लगाकर जान दे दी. वहीं पत्नी की मौत के बाद पति ने जहर खाकर सुसाइड करने की कोशिश की. पति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है. 

मामला झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के इमलीपुरा का है. बताया जा रहा है कि पति सागर साहू और पत्नी राधा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई. गुस्से में आकर सागर ने जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. 

पत्नी फांसी लगाकर किया सुसाइड

इधर, पति को अस्पताल ले जाने के कुछ ही देर बाद घर में मौजूद पत्नी राधा ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलते ही बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि सागर और राधा की शादी करीब आठ महीने पहले हुई थी. राधा मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी, जबकि दोनों मध्य प्रदेश के अशोकनगर में रह रहे थे.

एक साथ रहते थे पति-पत्नी

घरवालों के अनुसार, राधा शादी के बाद अशोकनगर में पति सागर के साथ रह रही थी. सागर एसी फ्रिज की रिपेयरिंग का काम करता था जबकि राधा एक प्राइवेट कंपनी में वर्क फ्रॉम होम काम कर रही थी. बताया जा रहा है कि राधा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी और उसे रील बनाने का शौक था.

दोनों एक दिन पहले ही झांसी आए थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह मुलाकात इतनी दर्दनाक घटना में बदल जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पति के बयान का भी इंतजार किया जा रहा है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *