ऊंचाहार में मंत्री मनोज पांडेय की पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

उंचाहार, 17 जून। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को उंचाहार क्षेत्र में निकली 11 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में हजारों लोगों की भागीदारी देखने को मिली। कोटिया चित्रा से शुरू हुई इस यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में “योगी-मोदी जिंदाबाद” और भाजपा के समर्थन में नारे गूंजते रहे।

पदयात्रा कोटिया चित्रा से प्रारंभ होकर गोकना पानी की टंकी, नागपुर सरायं, निषादन का पुरवा, अवगनगंज बाजार, खरौली, तीर का पुरवा, रमा का पुरवा और गुलाब का पुरवा होते हुए कंदरावां पहुंची। यात्रा के दौरान मंत्री मनोज पांडेय ने विभिन्न स्थानों पर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कंदरावां में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी उद्देश्य के साथ वह लगातार क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि मनोज पांडेय की पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में है जो बिना किसी भेदभाव के लोगों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं के बीच मंत्री की लोकप्रियता उनकी कार्यशैली का प्रमाण है।

इसके बाद आयोजित जन चौपाल में मंत्री मनोज पांडेय ने हजारों लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और जनसमर्थन का माहौल देखने को मिला।

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *