‘तुमसे नहीं हो पाएगा, अब मैं करूंगा…’ केतन की हत्या का दो बार प्लान फेल होने पर भड़क उठा सिया का प्रेमी चेतन

महाराष्ट्र के पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं. लोहगढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरकर हुई केतन अग्रवाल की मौत को शुरुआत में हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के बाद मामला मर्डर में बदल गया. इस घटना की मास्टरमाइंड केतन की मंगेतर सिया थी. उसने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, केतन की हत्या की योजना पहले भी दो बार बनाई गई थी, लेकिन दोनों बार प्लान सफल नहीं हो पाया. बताया जा रहा है कि पहली दो कोशिशों में सिर्फ सिया गोयल और केतन अग्रवाल ही लोहगढ़ गए थे, लेकिन सिया कथित तौर पर केतन को मारने की योजना को अंजाम नहीं दे पाई. सूत्रों के मुताबिक, सिया के कथित प्रेमी चेतन चौधरी लगातार उस पर दबाव बना रहा था कि वह केतन की हत्या करे. इसके बाद तीसरी बार चेतन ने खुद मोर्चा संभालने की बात कही. कथित तौर पर चेतन ने गुस्से में सिया से कहा था, तुमसे नहीं हो पाएगा, अब मैं इसका काम करता हूं. 

सिया और चेतन लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के बाद भी सिया और चेतन लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपी पुलिस पूछताछ का सामना कर रहे हैं. पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए पूछताछ जारी है.

दरअसल, पुणे के लोहगढ़ में प्रसिद्ध निर्माण कारोबारी विशाल अग्रवाल के बेटे केतन अग्रवाल की मौत की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी. केतन अपनी होने वाली पत्नी सिया गोयल के साथ लोहगढ़ घूमने गए थे. घटना के बाद सामने आए वीडियो में इसे दुर्घटना बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में कई संदिग्ध बातें सामने आईं. 

जांच में आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और कई अहम पहलुओं की जांच की जा रही है.

जांच के दौरान सिया को लेकर भी कई बातें सामने आने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, पुलिस की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि सिया से जुड़े निजी जीवन और उसके पुराने संबंधों की भी जांच की जा रही है.

केतन के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

केतन के परिवार की ओर से सिया पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. उनका कहना है कि सिया के परिवार को पहले से बेटी की बुरी आदतों के बारे में पता था. वहीं पुलिस के अनुसार, मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार की गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *