‘ताऊ सांसद हैं हमारे…’ कानपुर में फॉर्च्यूनर सवार युवकों की दबंगई, युवक को पीटा और पुलिसकर्मी को दी धमकी

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से बीच सड़क दबंगई का मामला ऐसे मामला सामने आया है, जिसने स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान की फेमस वेब सीरिज ‘चाचा विधायक हैं हमारे’ की याद दिला दी है. कानपुर के ग्रीन पार्क चौराहे पर रविवार को एक फॉर्च्यूनर कार चालक ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी. जब बाइक चालक ने इसका विरोध किया तो कार सवार और उसके साथ मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया. 

घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की. इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर एक मौजूदा सत्ताधारी सांसद का नाम लेते हुए पुलिसकर्मी पर दबाव बनाने का प्रयास किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,आरोपी बार-बार सांसद से अपने संबंधों का हवाला देते हुए पुलिस कार्रवाई रोकने की कोशिश करते रहे. वह सांसद को अपने ताऊ बता रहे थे. स्थिति बिगड़ती देख ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने तत्काल कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी. 

कार सवार आरोपी फरार

पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचने शुरू हो गया. हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही फॉर्च्यूनर सवार मौके से वाहन लेकर फरार हो गए. घटना के बाद चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोगों ने बीच सड़क हुई मारपीट और पुलिसकर्मी को खुलेआम धमकाए जाने की घटना चर्चा का विषय बन गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रैफिक पुलिस हस्तक्षेप नहीं करती तो मामला और गंभीर हो सकता था.

गिरफ्तारी के लिए CCTV खंगाल रही पुलिस

सूत्रों के अनुसार, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके. मामले में शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *