
उत्तर प्रदेश के वाराणसी कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने एक अनूठी कार्रवाई की है. सिगरा क्षेत्र में पिलर नंबर 57 से 60 के पास से गुजरने वाले आम लोगों और राहगीरों को अश्लील इशारे कर परेशान करने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एंटी रोमियो टीम ने मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है.
सिगरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फ्लाईओवर/पिलर संख्या 57 से 60 के आसपास कुछ महिलाएं आने-जाने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से रोककर अश्लील इशारे कर रही हैं और माहौल खराब कर रही हैं. प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर जब एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम मौके पर पहुँची, तो जनता द्वारा दी गई शिकायत पूरी तरह सही पाई गई. इसके तुरंत बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को मौके से हिरासत में ले लिया.
पहली अभियुक्त: जीविका (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 42 वर्ष, मूल निवासी- ग्राम बहुआरा, थाना संपचक, जिला पटना (बिहार), वर्तमान निवासी- डी.एल.डब्ल्यू. पॉपुलर हॉस्पिटल के पीछे, वाराणसी.
दूसरी अभियुक्त: रुबिया (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 28 वर्ष, मूल निवासी- ग्राम मलनी, थाना खुटहन, जिला जौनपुर, वर्तमान निवासी- सुदासपुर, मंडुवाडीह, वाराणसी.
सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव और अश्लीलता फैलाने के आरोप में सिगरा थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 0327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है. पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.