नोएडा की फैक्ट्री में भीषण आग: दमकलकर्मियों पर गिरी दीवार, 2 की मौत, 3 घायल

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण फैक्ट्री में बीती रात भीषण आग लग गई. आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर पड़ा. इसकी चपेट में आने से पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो दमकलकर्मियों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. तीन अन्य घायल कर्मियों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. 

पुलिस के अनुसार, 3 और 4 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित ILGIM कंपनी में आग लगने की सूचना मिली. यह कंपनी इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम करती है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और अन्य राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं. दमकलकर्मियों ने कई फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. 

दीवार और लोहे का बीम गिरने से हादसा

आग बुझाने के दौरान कंपनी परिसर की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया. मलबे की चपेट में आने से फायर सर्विस के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव के रूप में हुई.

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं, राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक तीनों की हालत खतरे से बाहर है. 

मौके पर SDRF और पुलिस की टीमें तैनात

हादसे की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए. एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी राहत और बचाव कार्य में लगाया गया. अधिकारियों ने पूरे परिसर की तलाशी ली, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो. आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है.

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

मुख्य अग्निमिशन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. पुलिस और संबंधित विभाग कंपनी परिसर का निरीक्षण कर रहे हैं और यह भी जांच की जारी है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि हादसे के दौरान दीवार और लोहे का बीम क्यों गिरा और कहीं सुरक्षा मानकों में कोई लापरवाही तो नहीं हुई. पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *