शादी से इनकार करना पड़ा भारी! प्रेमिका ने भाइयों से पिटवाकर तुड़वाए युवक के हाथ-पैर

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने पहली पत्नी को तलाक देकर खुद से शादी न करने पर अपने भाइयों के साथ मिलकर प्रेमी की बेरहमी से पिटाई करवा दी. मारपीट में युवक के दोनों हाथ-पैर टूट गए हैं. पीड़ित युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्रेमिका और उसके भाइयों समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक पप्पू अपने क्षेत्र में एक क्लीनिक पर दवा लेने गया था. पीड़ित का आरोप है कि उसकी प्रेमिका ने उसे फोन करके एक स्थान पर बुलाया. 

जब पप्पू वहां पहुंचा, तो युवती उस पर पहली पत्नी को तलाक देकर शादी करने का दबाव बनाने लगी. जब पप्पू ने पहली पत्नी को छोड़ने और शादी करने से साफ इंकार कर दिया, तो युवती ने अपने भाइयों और साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया. 

हमले में पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया. मारपीट इतनी खौफनाक थी कि युवक के हाथ और पैर टूट गए. घटना की सूचना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया. पीड़ित युवक के पिता जाकिर हुसैन ने तत्काल भोजीपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया. फिलहाल पप्पू का इलाज बरेली के जिला अस्पताल में चल रहा है. 

6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों के खिलाफ नामजद और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेश सिंह ने बताया- पीड़ित जाकिर हुसैन की ओर से बेटे के साथ मारपीट की शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया और 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *