फिरोजाबाद हत्याकांड: बेटे की मौत के बाद मां का दर्दनाक बयान, सुनकर कांप उठेंगे आप

 फिरोजाबाद में एकतरफा प्यार में पागल युवक विराज ने शादी से इनकार करने पर डेढ़ साल के मासूम आरव को सड़क पर 8 बार पटककर मार डाला. पीड़ित मां रति ने रोते हुए हत्यारे को फांसी देने या खुद के हवाले करने की मांग की है. मां ने पति और ससुराल वालों पर भी हत्या की साजिश का आरोप लगाया है. आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पैरों में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है.

“मेरे बेटे के हत्यारे को फांसी की सजा होनी चाहिए. अगर उसे कोई सजा नहीं दे पा रहा है, तो उसे मेरे हवाले कर दो. हम उसको नोच-नोच कर मार डालेंगे.” यह उस अभागी और आक्रोशित मां का दर्द है, जिसके मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एकतरफा प्यार और पारिवारिक विवाद के चलते डेढ़ साल के बच्चे आरव की सड़क पर पटक-पटक कर निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक (पति की बुआ का लड़का) पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद अस्पताल के स्ट्रेचर पर पानी के लिए तड़प रहा है, लेकिन पीड़ित मां का कलेजा इस हैवानियत के बाद पूरी तरह टूट चुका है. 

मायके में अपनी सूजी आंखों से आंसू बहाते हुए मृतका रति ने आपबीती सुनाई. उसने बताया कि वह यादव कॉलोनी में अपनी एक घायल सहेली पुष्पलता पाठक से मिलने गई थी. दोपहर करीब तीन बजे वहां पति सुनीत की बुआ का बेटा विराज उर्फ जितेंद्र पाठक पहुंच गया. रति ने रोते हुए कहा, “विराज ने मुझसे कहा कि बाबू को टॉफी दिलाएंगे, लेकिन वह मेरे बेटे को खा गया. हत्या करने के बाद वह मेरे बच्चे के शव को गेट पर छोड़कर भाग गया. यह सब मेरे ससुराल वालों का कराया धरा है.” 

रति ने अपनी ससुराल और पति सुनीत पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. रति की शादी 18 फरवरी, 2024 को बदायूं निवासी सुनीत से हुई थी, लेकिन विवाद के चलते वह जनवरी, 2025 से अपने मायके बामई गांव में रह रही थी. रति का आरोप है कि उसके ससुराल वाले हमेशा कहते थे कि आरव को मार दो. उसका पति आरव को अपना बेटा नहीं मानता था और लगातार डीएनए टेस्ट कराने का दबाव बनाता था. 

CCTV में कैद हुई हैवानियत: मासूम को सड़क पर 8 बार पटका

इस दिल दहला देने वाली वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो आरोपी की क्रूरता को साफ बयां करता है. वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी विराज मासूम आरव को गोद में लेकर आता है और अचानक उसे सड़क पर पटक देता है. वह इतनी ही नहीं रुकता, बल्कि बच्चे को दोबारा उठाता है और फिर पटकता है. आरोपी ने मासूम के साथ ऐसा एक-दो बार नहीं, बल्कि पूरे 8 बार किया. इसके बाद वह बच्चे के शव को घर के बाहर फेंककर फरार हो गया.

शादी के रास्ते का कांटा समझकर बच्चे को उतारा मौत के घाट

क्षेत्रीय सीओ अमरीश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी विराज रति से जबरन शादी करना चाहता था. रति के अपने पति से संबंध ठीक नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर विराज उस पर शादी का दबाव बना रहा था. रति के लगातार मना करने पर आरोपी को लगा कि जब तक यह डेढ़ साल का बच्चा जिंदा है, तब तक रति उससे शादी नहीं करेगी. इसी सनकी सोच के चलते उसने बच्चे को रास्ते का कांटा समझा और उसकी हत्या कर दी.

पुलिस एनकाउंटर में बदमाश के दोनों पैरों में लगी गोली

शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि हत्यारा विराज भूढ़ा भरथरा मोड़ के पास छिपा है. जब पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी विराज के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा. पुलिस ने उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह स्ट्रेचर पर पड़ा पुलिसवालों से पानी के लिए गिड़गिड़ा रहा है. एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *