‘बस इतनी सी थी बात…’ मुंबई लोकल ट्रेन में खूनी वारदात, युवक को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अंधेरी से चर्चगेट और नालासोपारा के बीच चलने वाली लोकल ट्रेन में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. घटना से ट्रेन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थित बन गई थी. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है. 

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है, जो विरार पूर्व के सुरम पार्क स्थित अमरनाथ बिल्डिंग के तीसरे माले पर अपने परिवार के साथ रहते थे. वह वेस्टसाइड इलाके में सेल्समैन की नौकरी करते थे. रोज की तरह वह लोकल ट्रेन से सफर कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान एक गुंडे ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस निर्मम हत्या के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. 

चलती ट्रेन में चाकू मारकर हत्या

स्थानीय निवासी रीना दुबे ने घटना पर दुख जताता हुए कहा कि मयंक की मौत से हम बहुत डरे हुए हैं. अब लोकल ट्रेन में चलना भी जानलेवा हो गया है. वेस्टर्न रेलवे के CPRO विनीत अभिषेक ने बताया कि चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल (ट्रेन नंबर-90663) में चाकू मारकर हत्या करने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मंगलवार रात करीब 11:04 बजे हमें सूचना मिली कि एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया है.

दरवाजे को लेकर हुआ था विवाद

इस बात की जानकारी होते ही बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के अंदर दो-तीन मिनट में GRP, RPF और मेडिकल रिस्पॉन्स टीम तुरंत फर्स्ट-क्लास कोच में पहुंची, जहां युवक गंभीर हालत में पड़ा हुआ था. उसे तुरंत इमरजेंसी मेडिकल रूम ले जाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. शुरूआती जांच में पता चला है कि बारिश की वजह से दरवाजा बंद करने को लेकर युवक और आरोपी के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद झागड़ा बढ़ा और आरोपी ने उसे चाकू मार दिया. इसके बाद चुपचाप मौके से भाग निकला.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. स्टेशन और आरोपी के भागने वाली जगह के आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं, ताकि उसकी पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें काली शर्ट पहना आरोपी हाथ में चाकू लिए नजर आ रहा है, जबकि मृतक खून से लथपथ ट्रेन के फर्श पर पड़ा हुआ है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *