शादी की जिद बनी मौत की वजह! परिवार के विरोध से आहत प्रेमी-युगल ने खेत में खाया जहर

उत्तर प्रदेश में बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक घटना खबर समाने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. शादी करने की इच्छा पूरी न होने और परिवार के विरोध के बीच एक प्रेमी युगल ने खेत में जाकर जहर खा लिया. इस घटना में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय भेज दिया है. 

दरअसल, युवती सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी और उसकी उम्र करीब 18 साल बताई जा रही है. युवक भोजीपुरा क्षेत्र के मकरंदापुर गांव का रहने वाला था और उसकी उम्र लगभग 21 वर्ष थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध था. परिवार वालों को जब दोनों के रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया. बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन रिश्तेदारी के कारण परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था. इसी बात को लेकर दोनों काफी समय से परेशान चल रहे थे. परिजनों ने समझाने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे. 

खेत पहुंचकर खा लिया जहर

एसपी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शनिवार सुबह युवती युवक के घर पहुंची थी. इसके बाद दोनों साथ में गांव के बाहर खेत की तरफ चले गए. वहां पहुंचकर दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया. कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. तब तक युवती की मौत हो चुकी थी. वहीं युवक को परिजन तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. 

परिवार में पसरा मातम

इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. परिजन सदमे में हैं और गांव के लोग भी इस घटना को बेहद दुखद बता रहे हैं. बताया जा रहा है कि परिवारों के विरोध और रिश्ते को मंजूरी न मिलने की वजह से दोनों मानसिक दबाव में थे. पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि युवक के खिलाफ पहले से एक दुष्कर्म का मामला दर्ज होने की बात सामने आई है, जिसकी भी जांच रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही है. हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे मामले को तथ्यों और जांच के आधार पर आगे बढ़ा रही है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *