एक पेड़ पर लटके मिले दो शव, एक ही दुपट्टे ने खोला दर्दनाक राज; सीतापुर की घटना से सनसनी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई. नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में गांव के बाहर आम के पेड़ से एक प्रेमी युगल के शव लटके मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. दोनों शव एक ही दुपट्टे के सहारे लटके हुए थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. 

मृतकों की पहचान रामपुर क्योटाना गांव निवासी 16 वर्षीय रजनी पुत्री मलखान और 19 वर्षीय प्रेवंश पुत्र रामू के रूप में हुई है. दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे. ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा काफी समय से गांव में चल रही थी. हालांकि मृतकों के परिवारों ने पुलिस पूछताछ में इस तरह की किसी जानकारी से इनकार किया है. 

दोनों के शव एक ही दुपट्टे से लटके दिखाई दिए

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब चार बजे दोनों अपने-अपने घरों से निकले थे. सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर गांव के बाहर स्थित आम के पेड़ पर पड़ी. वहां दोनों के शव एक ही दुपट्टे से लटके दिखाई दिए. यह देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.

ग्रामीणों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नैमिषारण्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस टीम ने आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया. इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा.

दोनों परिवारों में मातम छा गया

घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि आखिर दोनों ने ऐसा कदम क्यों उठाया.

मौके पर पहुंचे एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *