30 साल बड़े फूफा ने भतीजी की मांग में भरा सिंदूर, फिर दोनों ने खाया जहर; इस डर ने उठाया खौफनाक कदम

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक 45 वर्षीय फूफा अपनी ही 15 साल की नाबालिग भतीजी को भगाकर ले गया. जब समाज और पुलिस की कार्रवाई का डर सताया, तो दोनों ने रास्ते में जहर खा लिया. इस आत्मघाती कदम में नाबालिग लड़की की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी फूफा की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. 

यह चौंकाने वाला मामला तब और गंभीर हो गया जब जिला अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम किया गया. डॉक्टरों और पुलिस ने देखा कि महज 15 साल की मृतका की मांग में सिंदूर भरा हुआ था और गले में मंगलसूत्र था. इससे यह साफ हो गया कि आरोपी फूफा ने समाज से छिपकर नाबालिग से शादी कर ली थी. दोनों की उम्र में करीब 30 साल का फासला है और आरोपी फूफा के खुद के बच्चों की भी शादी हो चुकी है. 

बालिग समझकर भगाया, उम्र पता चली तो घबराया 

शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फूफा 19 जून को भतीजी को बहला-फुसलाकर अपने गांव ले गया था. आरोपी को भ्रम था कि लड़की बालिग (करीब 20 वर्ष) है. लेकिन 20 जून को जब उसके ससुराल वालों (लड़की के परिजनों) से संपर्क हुआ, तो उन्होंने बताया कि लड़की नाबालिग है और उसकी उम्र मात्र 15 साल 8 महीने है. 

परिजनों द्वारा पुलिस केस दर्ज कराने की बात सुनकर आरोपी फूफा बुरी तरह डर गया. उसे अहसास हुआ कि पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अपहरण के मामले में उसे जेल जाना पड़ेगा. इसी कानूनी कार्रवाई और लोकलाज के डर से उसने खौफनाक कदम उठाने की साजिश रची. 

रास्ते में बाइक रोककर खाया जहर

रविवार को गांव से लौटते समय पंधाना मार्ग पर दीवाल गांव के पास आरोपी ने अपनी बाइक रोकी और नाबालिग भतीजी के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. राहगीरों की सूचना पर दोनों को पहले पंधाना सिविल अस्पताल और फिर खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां लड़की ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने फूफा पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस डायरी मिलते ही आरोपी पर सख्त धाराओं में केस दर्ज करेगी.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *