
बरेली विकास प्राधिकरण बीडीए शहर के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आया है. रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर-8 में बीडीए की ओर से आधुनिक साइंस पार्क का निर्माण कराया जा रहा है. करीब 130 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना आने वाले समय में बरेली को विज्ञान, शिक्षा और मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में पहचान दिलाएगी. परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और अधिकारियों को इसे तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
बीडीए की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत बच्चों, छात्रों और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. अभी तक ऐसी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब बरेली में ही विज्ञान और अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से जानने का मौका मिलेगा.
साइंस पार्क परियोजना के पहले चरण में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क और स्पेस म्यूजियम का निर्माण कराया जा रहा है. बीडीए के अनुसार, दोनों परियोजनाओं का काम शुरू हो चुका है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. स्पेस म्यूजियम में अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां देखने को मिलेंगी. यहां रॉकेट, उपग्रह, मंगलयान और चंद्रयान जैसे मिशनों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे. इसके साथ ही अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े कई रोचक तथ्यों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा. खासतौर पर छात्रों को विज्ञान को समझने और नई चीजें सीखने का बेहतर अवसर मिलेगा.
वहीं, एक्वा पार्क लोगों के मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा। परिवार और बच्चों के लिए यहां कई आकर्षक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह स्थान शहर के पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है.
तारामंडल में थ्री-डी शो के जरिए दिखेगा ब्रह्मांड
साइंस पार्क परिसर में प्लानेटोरियम यानी तारामंडल भी बनाया जाएगा. इसके निर्माण के लिए शासन स्तर से करीब 50 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है. फिलहाल, इसकी टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
तारामंडल में आने वाले लोगों को टू-डी और थ्री-डी तकनीक के जरिए ब्रह्मांड की रोमांचक दुनिया दिखाई जाएगी. यहां ग्रहों, तारों, आकाशगंगाओं और अंतरिक्ष से जुड़ी कई जानकारियां रोचक अंदाज में प्रस्तुत की जाएंगी. दर्शक खगोलीय घटनाओं को बड़े पर्दे पर देख सकेंगे और उन्हें ऐसा अनुभव होगा जैसे वे स्वयं अंतरिक्ष की यात्रा कर रहे हों.
बीडीए का मानना है कि यह परियोजना बरेली के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी. विज्ञान, शिक्षा और मनोरंजन को एक साथ जोड़ने वाला यह साइंस पार्क न केवल शहर के बच्चों और युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगा, बल्कि बरेली की पहचान को भी नई ऊंचाई देगा. परियोजना पूरी होने के बाद यह स्थान आसपास के जिलों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा.