शादी की जिद बनी मौत की वजह! मुंबई से आई प्रेमिका की प्रेमी ने हत्या कर गन्ने के खेत में दफनाया शव

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां मुंबई से शादी करने की जिद लेकर आई अपनी प्रेमिका की उसके प्रेमी ने बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में दफना दिया. पुलिस ने इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ जारी है. घटना से इलाके में सनसनी मच गई. 

मृतका सना उर्फ समीर मुंबई में एक अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी, बिजनौर के मंडावर निवासी फैसल मुंबई में ही हेयर और मसाज स्पा पार्लर में काम करता था, जहां दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. फैसल के प्यार में बेइंतहा पागल सना उर्फ समीर ने अपने पति से तलाक ले लिया. सना पति से अलग होने के बाद लगातार फैसल पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन फैसल इस रिश्ते से पीछे हट रहा था. 

प्रेमिका की गला दबाकर हत्या

बकरीद पर फैसल बिजनौर स्थित अपने गांव आया हुआ था तो उसके प्यार में दिवानी सना 29 मई को ईद मनाने और शादी की बात करने सीधे मुंबई से बिजनौर पहुंच गई. फैसल उसे अपनी बाइक पर बैठाकर मंडावर थाना क्षेत्र के फतेहपुर सभाचंद के जंगल में ले गया. वहां दोनों के बीच फिर से शादी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद फैसल ने गुस्से में आकर सना का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.

गन्ने के खेत में मिला शव

हत्या करने के बाद आरोपी फैसल ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से सना के शव को गन्ने के खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया. वारदात को इतनी चालाकी से अंजाम दिया गया कि आसपास किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई. हत्या के बाद आरोपी फैसल वापस मुंबई चला गया, ताकि उस पर कोई शक न कर सके. सना के अचानक गायब होने और उसका मोबाइल बंद आने के बाद, मुंबई में उसके परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई.

ऐसे हुआ हत्या का खुलासा

दो जून को ओशिवारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. उसके बाद तकनीकी सर्विलांस और कॉल डिटेल्स (CDR) खंगालने पर सना की आखिरी लोकेशन बिजनौर में पाई गई. मामले की बिजनौर पुलिस और मुंबई पुलिस ने बारीकी से छानबीन की, जिसके बाद पुलिस का शक फैसल पर गहराया. मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी फैसल को अपनी हिरासत में ले लिया. कड़ाई से पूछताछ की गई तो फैसल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

उसकी निशानदेही पर मुंबई और बिजनौर पुलिस ने फतेहपुर सफाचंद के गन्ने के खेत से गड्ढे में दबा सना का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बिजनौर पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और सबूत जुटाने में लगी है.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *