
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है. यहां अज्ञात हमलावरों ने एक महिला की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी पहचान मिटाने की कोशिश की. महिला का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला. हत्यारों ने पहले धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या की और फिर पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे बुरी तरह जला दिया. इतना ही नहीं, महिला के हाथ पर गुदे हुए नाम को भी जलाकर मिटाने का प्रयास किया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
यह मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मोढ़ा तैय्या (मुरतपुरिया) गांव के पास का है. बुधवार सुबह किसान लल्लू सिंह के पुत्र प्रदीप जब अपने गन्ने के खेत पर पहुंचे तो उन्होंने खेत में एक महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा. शव की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकबड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी हाईवे वरुण कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया. पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और अन्य अहम सुराग जुटाए.
शरीर पर घाव के गहरे निशान
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच है. उसके गले और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं. पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से गन्ने के खेत में फेंका गया हो सकता है. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण और समय की पुष्टि हो सकेगी.
पुलिस ने आसपास के गांवों और थानों में महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी. इसके बाद मृतका का हुलिया और अन्य विवरण आसपास के जिलों के पुलिस नेटवर्क में भी साझा किए गए हैं, ताकि उसकी पहचान जल्द से जल्द हो सके.
मृतका की नहीं हो सकी पहचान
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह गन्ने के खेत में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. शव पर धारदार हथियार से हमले के स्पष्ट निशान मिले हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. फिलहाल मृतका की पहचान करना प्राथमिकता है. इसके साथ ही हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है. पुलिस को उम्मीद है कि फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा.