
इस साल की शुरुआत से अबतक कई बड़ी फिल्मों के सीक्वल रिलीज हो चुके हैं. बात अजय देवगन की कर लेते हैं, जिनकी इस साल की शुरुआत में एक पिक्चर आ चुकी है. साथ ही फिल्म को बहुत खास रिस्पॉन्स नहीं मिला है. पर अब बारी उनकी अगली फिल्म की है, जी हां 2 अक्टूबर को ‘दृश्यम 3’ आने वाली है. इसी बीच खबर है कि फैन्स को इस खास मौके पर डबल सरप्राइज मिलने वाला है. जहां एक तरफ गांधी जयंती पर अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को रिलीज किया जाएगा. उसके साथ ही उनकी अपकमिंग फिल्म ‘रेंजर’ की फैन्स को थिएटर्स में ही पहली झलक भी देखने को मिलने वाली है.
हाल ही में बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड पर एक रिपोर्ट छपी. जिससे पता लगा कि ‘रेंजर’ का टीजर 2 अक्टूबर को ‘दृश्यम 3’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा. इस पिक्चर में अजय देवगन के साथ संजय दत्त और तमन्ना भाटिया भी काम कर रही हैं. हालांकि, यह मेकर्स का एक अच्छा प्लान हैं, जिससे ऑडियंस को एक ही बार में एक बड़ी फ्रेंचाइजी फिल्म और दूसरी फिल्म का पहला एसेट भी देखने को मिलेगा. दरअसल इस कदम से ‘रेंजर’ को लेकर लोगों का एक्साइटमेंट लेवल काफी ज्यादा बढ़ गया है.
कब रिलीज होगी अजय की फिल्म ‘रेंजर’?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रेंजर’ एक हिंदी एक्शन-एडवेंचर फिल्म है. जिसे जगन शक्ति ने डायरेक्ट किया है और इसमें अजय देवगन, संजय दत्त और तमन्ना भाटिया लीड रोल में काम कर रहे हैं. ऐसी चर्चा है कि फिल्म भारत में 4 दिसंबर, 2026 को रिलीज होगी. हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि फिल्म को मेकर्स अगले साल बढ़ाने पर भी विचार कर रहे हैं. अजय देवगन की बड़ी फिल्म के साथ इसका टीजर रिलीज करने का फैसला दिखाता है कि मेकर्स को इसके थिएटर में सफल होने का पूरा भरोसा है.
‘दृश्यम 3’ के साथ बड़ी तैयारी
दरअसल यह फैसला सिर्फ टीजर को दिखाने के लिए नहीं है. ऐसा मेकर्स इसलिए कर रहे हैं कि दृश्यम 3 के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोग ‘रेंजर’ का टीजर भी देख सकें. और तो और ‘रेंजर’ को ऐसा शुरुआती एक्सपोजर मिलता है, जो आम तौर पर ऑनलाइन लॉन्च से नहीं मिल पाएगा. हालांकि, अब तक मेकर्स की तरफ से कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है. लेकिन फैन्स को उम्मीद है कि जैसे-जैसे दृश्यम 3 की रिलीज डेट पास आएगी और अजय देवगन प्रमोशंस शुरू करेंगे, तो दूसरी फिल्मों के प्लान भी क्लियर होते चले जाएंगे.