
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां शादी रचाने आए राजस्थान के एक परिवार के साथ लुटेरी दुल्हन गैंग ने ऐसा जाल बुना कि खुशियां पल भर में मातम और खौफ में बदल गईं. गिरोह ने पहले शादी का नाटक रचाया और फिर जयमाल होते ही नकली पुलिस बनकर पूरे परिवार को लूट लिया.
यह पूरा मामला राजस्थान के कोटा से शुरू हुआ. कोटा निवासी मुकेश मीणा अपने भाई ब्रह्ममोहन मीणा की शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात हरियाणा के रहने वाले राजू शर्मा नाम के एक बिचौलिए से हुई. राजू ने मुकेश को गोरखपुर की रहने वाली तीन लड़कियों की तस्वीरें भेजीं. तस्वीरें पसंद आने के बाद बात आगे बढ़ी और लड़की वालों के बुलावे पर पूरा मीणा परिवार 12 मार्च को शादी रचाने गोरखपुर पहुंच गया.
जयमाल होते ही सब-इंस्पेक्टर की एंट्री, फिर जो हुआ…
पीड़ित परिवार जैसे ही गोरखपुर पहुंचा, इस गैंग का मास्टरमाइंड अंकुर सिंह एक्टिव हो गया. साजिश के तहत एक स्थानीय महिला को लड़की की नकली मौसी बनाकर पेश किया गया. रस्मों के मुताबिक स्टेज पर दुल्हन और दूल्हे का जयमाल (वरमाला) संपन्न हुआ. अभी परिवार राहत की सांस ले ही रहा था कि अचानक वहां पुलिस की रेड पड़ गई. हैरानी की बात यह थी कि गिरोह का सरगना अंकुर सिंह खुद सब-इंस्पेक्टर (SI) की वर्दी पहनकर दरोगा बनकर आया था. उसके साथ तीन अन्य लोग सिपाही और होमगार्ड की वर्दी में मुस्तैद थे.
जेल भेजने की धमकी देकर की मोटी वसूली
इन नकली पुलिसवालों ने आते ही शादी को अवैध बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने दूल्हे और उसके भाई को हवालात में डालने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी. अजनबी शहर में कानूनी पचड़े और बदनामी के डर से दूल्हे का परिवार बुरी तरह सहम गया. बदमाशों ने इस डर का फायदा उठाया और मामले को रफा-दफा करने के एवज में मुंह मांगी मोटी रकम वसूली और दुल्हन को साथ लेकर रफूचक्कर हो गए.
राजस्थान से गोरखपुर तक एक्शन: ऐसे हुआ गैंग का पर्दाफाश
बदमाशों के जाने के बाद जब पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने वापस लौटकर राजस्थान में जीरो FIR दर्ज कराई. चूंकि घटना स्थल गोरखपुर का था, इसलिए केस डायरी चिलुआताल पुलिस स्टेशन ट्रांसफर की गई.
गोरखपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जाल बिछाया और गैंग के सरगना अंकुर सिंह उर्फ नकली दरोगा सहित कुल 8 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार होने वालों में वह दुल्हन (नीलम) भी शामिल है, जिसने स्टेज पर वरमाला डाली थी.
पुलिस की चेतावनी
चिलुआताल पुलिस के मुताबिक, यह अंतरराज्यीय गिरोह है जो दूसरे राज्यों (जैसे राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा) के लड़कों को शादी का झांसा देकर बुलाता है और फिर फर्जी पुलिसिया रेड का नाटक कर लाखों रुपये वसूलता है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अनजान बिचौलियों के जरिए शादी तय करने से पहले लड़की और उसके परिवार की पूरी जांच-पड़ताल ज़रूर करें.