मौसी के गांव की लड़की पर आया दिल, आधी रात मिलने पहुंचा युवक; ग्रामीणों ने मौके पर करवा दी शादी

बिहार के सीवान जिले से एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है. यहां भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के महना गांव में रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक प्रेमी को परिजनों और ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद जो हुआ, उसने इस प्रेम कहानी को एक बेहद खूबसूरत मुकाम दे दिया. ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर दोनों की आपसी सहमति से मंदिर में शादी करा दी. इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

जानकारी के मुताबिक, मछगरा गांव के रहने वाले महंथ प्रसाद के बेटे निरंजन कुमार की मौसी महना गांव में रहती हैं. करीब एक साल पहले निरंजन अपनी मौसी के घर एक शादी समारोह में शामिल होने आया था. इसी दौरान उसकी मुलाकात गांव की ही पुष्पा कुमारी से हुई. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, मोबाइल नंबर एक्सचेंज हुए और देखते ही देखते यह दोस्ती गहरी मोहब्बत में बदल गई. 

निरंजन अक्सर मौसी के घर आने-जाने के बहाने पुष्पा से मिलता था. शनिवार की रात भी वह पुष्पा से मिलने उसके घर पहुंचा था, लेकिन परिजनों को इसकी भनक लग गई. ग्रामीणों ने निरंजन को मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद रात में ही लड़के के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के सगे-संबंधी भी वहां पहुंच गए. 

बिना दहेज संपन्न हुई ‘आदर्श शादी’

रविवार की सुबह गांव के सरपंच प्रभुनाथ राय, जिला पार्षद प्रतिनिधि ममेन्द्र यादव और पैक्स अध्यक्ष राजू राय समेत कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत बैठी. दोनों परिवारों और प्रेमी जोड़े की रजामंदी के बाद रविवार सुबह एक स्थानीय मंदिर में दोनों की धूमधाम से शादी करा दी गई.

यह शादी पूरे इलाके में मिसाल बन गई है क्योंकि यह पूरी तरह से दहेज मुक्त और आदर्श तरीके से संपन्न हुई. शादी के बाद एक बेहद खूबसूरत पल भी देखने को मिला. जब मांग में सिंदूर भरने के बाद प्रेमिका (अब पत्नी) पुष्पा ने निरंजन के पैर छूने चाहे, तो निरंजन ने सम्मान के साथ उसे रोक लिया. 

राहत की बात

इस पूरे मामले की सबसे अच्छी बात यह रही कि दोनों परिवारों ने परिपक्वता दिखाई. किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई. आपसी सहमति से मामला सुलझने के बाद नवविवाहित जोड़ा हंसी-खुशी अपने घर लौट गया है. दूल्हा-दुल्हन ने शादी के बाद कहा- हम इस शादी से बेहद खुश हैं. हमारे प्यार को घर वालों ने अपनाया, इससे ज्यादा हमें और कुछ नहीं चाहिए था.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *