
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर यानी आज देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें पहला तो ये है कि दिल्ली समेत कई राज्यों में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा और इस दौरान रोड, सीवरेज, शिक्षा और बिजली समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. इसके अलावा पीएम मोदी के जन्मदिन को खास बनाने के लिए दिल्ली के कर्तव्य पथ पर सवा लाख आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे.
अगर पीएम मोदी के राजनीतिक जीवन की बात करें तो अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक वह गुजरात के मुख्यमंत्री रहे हैं और उसके बाद 2014 से अब तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दे रहे हैं. साल 2014 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीतकर वह देश के प्रधानमंत्री बने थे और ये सिलसिला अब तक जारी है. इस मौके पर आइए जानते हैं पीएम मोदी के नाम दर्ज कुछ खास रिकॉर्ड्स और खास उपलब्धियों के बारे में.
PM मोदी के 5 बड़े रिकॉर्ड्स
लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड:
10 जून 2026 को प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इसके साथ ही वह लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए.
सरकार के मुखिया के तौर पर लंबा कार्यकाल: 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी और उसके बाद से अब तक उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में कुल मिलाकर करीब 25 साल तक सरकार के प्रमुख की भूमिका निभाई है.
लगातार तीन लोकसभा चुनावों में सफलता: साल 2014 से शुरू हुए लगातार तीन आम चुनावों में नरेंद्र मोदी ने अपनी पार्टी और गठबंधन का नेतृत्व किया. इन चुनावों के बाद केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार का गठन हुआ. ऐसे में केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया है.
गुजरात में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड: नरेंद्र मोदी अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री पद पर रहे थे. इस दौरान उनके नेतृत्व में बीजेपी ने राज्य में लगातार चुनावी जीत दर्ज की थी.
विदेशी सम्मान मिलने का रिकॉर्ड: प्रधानमंत्री मोदी को अलग-अलग देशों की ओर से 30 से अधिक प्रतिष्ठित सम्मान दिए जा चुके हैं. यह विदेशी देशों द्वारा किसी भारतीय प्रधानमंत्री को दिया गया सर्वाधिक विदेशी सम्मान है. इनमें सियोल शांति पुरस्कार, फिलिप कोटलर राष्ट्रपति पुरस्कार, चैंपियंस ऑफ द अर्थ पुरस्कार, अफगानिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, सऊदी अरब का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान और मिस्र का सर्वोच्च नागरिक सम्मान आदि शामिल हैं.