साड़ी-नथनी पहन ‘पुष्पा’ बनकर महाकाल मंदिर पहुंचा युवक, मिला VIP दर्शन; खुलासा होते ही जिम्मेदारों पर गिरी गाज

वैसे तो विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था काफी कड़ी है. यहां प्रोटोकॉल के साथ ही आम श्रद्धालुओं के दर्शन पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है. अधिकारी भी इस बात का पूरा ध्यान रखते हैं कि मंदिर में मोबाइल का उपयोग न हो और श्रद्धालु अच्छे तरीके से बाबा महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद ले सकें. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था की पोल खोल दी है. 

इस वीडियो में एक युवक फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार की तरह साड़ी, ब्लाउज, पायल, नथनी और नींबू की माला पहनकर मंदिर में पहुंच गया. बड़ी बात यह रही कि मंदिर के सुरक्षाकर्मी इस युवक को रोकने की बजाय उसके साथ फोटो खिंचवाते और उसे प्रोटोकॉल के तहत दर्शन करवाते हुए नजर आए. 

कब का है मामला?

5 फरवरी को इंदौर निवासी अंकित आस्थेलिया, जो अक्सर ‘पुष्पा’ के किरदार में नजर आते हैं, बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे थे. उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए. जब वह बाबा महाकाल के दर्शन कर रहे थे, उस समय उनका गेटअप ‘पुष्पा’ के किरदार जैसा ही था. उन्होंने साड़ी पहन रखी थी, साथ ही गले में नींबू की माला, नथनी और पायल भी पहनी हुई थी.

इस मामले में होना तो यह चाहिए था कि महाकालेश्वर मंदिर के सुरक्षाकर्मी अंकित आस्थेलिया को मंदिर में प्रवेश करने से ही रोक देते, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. वह अंकित को रोकने की बजाय उसे मानसरोवर गेट से प्रोटोकॉल की तरह अपने साथ ले गए और गणेश मंडपम से बाबा महाकाल के दर्शन भी करवा दिए. बड़ी बात यह भी है कि इस दौरान कुछ सुरक्षाकर्मी अंकित के साथ सेल्फी लेते और वीडियो बनाते भी नजर आए. 

नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखे सुरक्षाकर्मी

वायरल हो रहे वीडियो को देखने पर पता चलता है कि सुरक्षाकर्मी अंकित को रोकने की बजाय मंदिर समिति के नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखाई दिए. उन्होंने न सिर्फ फोटो खिंचवाए, बल्कि हंसते-मुस्कुराते हुए और ‘पुष्पा’ स्टाइल में वीडियो भी बनवाए.

सुपरवाइजर को हटाया, जांच जारी

महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित सुपरवाइजर को हटा दिया गया है. उन्होंने कहा कि वीडियो देखने पर स्पष्ट होता है कि नियमों की अनदेखी हुई है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *