चक्रवात ‘अर्नब’ से बिगड़ा मौसम का मिजाज, मैदानी इलाकों से पहाड़ों तक बारिश का अलर्ट

दिल्ली से मानसून की वापसी के ठीक एक दिन बाद मौसम में फिर बदलाव आ गया है. बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण शनिवार से अगले तीन दिनों तक दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रविवार को इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. 25 सितंबर को 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 

चक्रवात ‘अर्नब’ और डिप्रेशन का असर उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिख रहा है. मौसम विभाग ने यूपी के 23 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 38 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है. 25 और 26 सितंबर को पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है. 

वहीं, बिहार में मानसून की विदाई के समय झमाझम बारिश हो रही है. पटना समेत पूरे राज्य में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और आंधी चलने की संभावना है. बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आई है. 

झारखंड में लगातार बारिश दर्ज

झारखंड में बंगाल की खाड़ी के सिस्टम के असर से लगातार बारिश दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट शामिल है. 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है.

राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे भीषण गर्मी का असर देखा जा रहा है. हालांकि, अगले 2-3 दिनों में पूर्वी राजस्थान के कोटा और भरतपुर संभाग में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड का हाल

हिमाचल प्रदेश: 26 सितंबर को येलो अलर्ट और 27 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. भूस्खलन के कारण 42 सड़कें पहले से बंद हैं.

उत्तराखंड: नैनीताल, चम्पावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 25 से 27 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश और 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. 

मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट

25 सितंबर को पूरे मध्य प्रदेश में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट है. भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा और दमोह समेत कई जिलों में 55 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बारिश होगी.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत

आंध्र प्रदेश व ओडिशा: तट से टकराने के बाद तूफान के चलते भारी तबाही हुई है. विशाखापत्तनम समेत तटीय इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है.

पश्चिम बंगाल व पूर्वोत्तर: कोलकाता, मेदिनीपुर और पूर्वोत्तर राज्यों (असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश) में शनिवार तक मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *