MBBS छात्रा की मौत और युवक की आत्महत्या से सनसनी! तेलंगाना में पिता की कब्र पर खून से लिखा नाम, पुलिस सुलझा रही डबल डेथ मिस्ट्री

 तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. एक ही गांव में कुछ घंटों के अंतराल पर हुई दो संदिग्ध मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैला गई है. एक ओर जहां एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा लक्ष्मी प्रसन्ना अपने घर में फंदे से लटकी मिली, वहीं कुछ ही घंटों बाद गांव के ही युवक चरण का शव एक ताड़ के पेड़ से लटका मिला. दोनों घटनाओं की पुलिस कई पहलुओं से जांच में जुटी है. 

नलगोंडा जिले के कट्टनगुरु मंडल के मुनकुंतला गांव की रहने वाली लक्ष्मी प्रसन्ना सूर्यापेट सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा थीं. शुक्रवार को जब घर में कोई मौजूद नहीं था, तब वह अपने घर में फंदे से लटकी मिलीं. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. 

युवक ने क्यों की आत्महत्या?

इसी घटना के कुछ घंटों बाद उसी गांव के रहने वाले चरण का शव गांव के बाहरी इलाके में एक ताड़ के पेड़ से लटका मिला. शुरुआती जानकारी के अनुसार, चरण ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या की. बताया जा रहा है कि लक्ष्मी प्रसन्ना की मौत की खबर मिलने के बाद वह काफी परेशान था.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब लक्ष्मी प्रसन्ना के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है. उनका आरोप है कि इस मामले में चरण की भूमिका हो सकती है. वहीं, पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि आत्महत्या से पहले चरण ने अपने पिता की कब्र पर खून से कुछ नाम लिखे थे. इस घटना ने पूरे मामले को और अधिक रहस्यमय बना दिया है.

पुलिस ने लक्ष्मी प्रसन्ना के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चरण द्वारा कथित उत्पीड़न के कारण छात्रा ने यह कदम उठाया. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

सब-इंस्पेक्टर रविंदर ने बताया कि पुलिस दोनों मौतों के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है. इसके लिए दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, परिजनों और दोस्तों के बयान के साथ-साथ फोरेंसिक साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दोनों मौतों की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *