
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसाइटी के एक फ्लैट से युवक का सड़ी-गली हालत में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसकी गर्लफ्रेंड ने की और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे बोरे में भरकर बाथरूम में छिपा दिया. इतना ही नहीं, शव जल्दी सड़ जाए और खून के निशान मिट जाएं, इसके लिए बाथरूम का नल भी खुला छोड़ दिया गया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कल्याण के मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसाइटी के एक फ्लैट से पिछले दो-तीन दिनों से तेज बदबू आ रही थी. सोसाइटी के लोगों ने जब दुर्गंध लगातार महसूस की तो इसकी सूचना मानपाड़ा पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन फ्लैट बाहर से बंद मिला. इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया.
फ्लैट की तलाशी के दौरान पुलिस को बाथरूम में एक बड़ा बोरा मिला. जब बोरे को खोला गया तो उसमें एक युवक का शव बरामद हुआ, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था. इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की.
धारदार हथियार से की गई हत्या
शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक के सिर पर किसी धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई. हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर बाथरूम में रख दिया गया, ताकि किसी को लंबे समय तक वारदात की भनक न लगे.
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला ने बाथरूम का नल जानबूझकर खुला छोड़ दिया था. पुलिस का मानना है कि ऐसा शव के तेजी से सड़ने और घटनास्थल पर मौजूद खून के निशानों को मिटाने के उद्देश्य से किया गया, ताकि सबूत नष्ट हो सकें.
वॉइस मेल से हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला कथित तौर पर कोलकाता फरार हो गई. जाने से पहले उसने मकान मालिक को एक वॉइस मैसेज भेजा, जिसमें बताया कि फ्लैट के बाथरूम में एक शव पड़ा है और नल खुला हुआ है. इसी वॉइस मैसेज के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और पुलिस हरकत में आई.
कोलकाता रवाना हुई पुलिस टीम
मानपाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम कोलकाता रवाना हो चुकी है. पुलिस मृतक और आरोपी महिला के संबंधों, हत्या की वजह और वारदात की पूरी साजिश की हर पहलू से जांच कर रही है. शुरुआती जांच में मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी तथ्य सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.