YouTube से सीखा हत्या का तरीका, दोस्त की हत्या कर लाश के किए 5 टुकड़े; वाराणसी में गोबर में दफनाया शव

धर्मनगरी वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. पिछले 15 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 19 वर्षीय युवक इशू कन्नौजिया की उसके ही तीन जिगरी दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी. कातिलों ने खौफनाक साजिश के तहत शव को प्लास्टिक के बोरे में भरा और छुपाने की नीयत से रेलवे क्वार्टर के पास कंपोजिट गोबर के ढेर में गहराई में दबा दिया. 

आरोपियों ने Youtube से कत्ल का तरीका खोजा था. यही नहीं, लाश के उन्होंने 5 टुकड़े भी किए थे. गुरुवार को एक राहगीर की नजर गोबर के ढेर से संदिग्ध दुर्गंध और बोरे पर पड़ी, जिसके बाद उसने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा बाहर निकाला तो अंदर युवक का बुरी तरह गला-सड़ा शव बरामद हुआ. 

ADCP वैभव बांगर ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि मृतक इशू कन्नौजिया सिगरा थाना क्षेत्र का रहने वाला था. 6 अगस्त को वह अपने तीन परिचित दोस्तों प्रदीप, रोहित और रामकिशन के साथ शराब पी रहा था. 

शराब के नशे में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि तीनों दोस्तों ने मिलकर इशू पर जानलेवा हमला कर दिया और धारदार हथियार से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. अत्यधिक खून बहने के कारण इशू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. 

सर्विलांस की मदद से दबोचे गए तीनों कातिल

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से तीनों ने शव को बोरे में बंद किया और शिवपुरवा स्थित रेलवे क्वार्टर के पास बने गोबर के ढेर में दफना कर फरार हो गए. इशू के परिजनों ने 6 अगस्त को उसके लहरतारा-महमूरगंज मार्ग से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस जब मामले की जांच में जुटी, तो टेक्निकल सर्विलांस की मदद से तीनों संदिग्धों प्रदीप, रोहित और रामकिशन को हिरासत में लिया गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

पुलिस की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एडीसीपी वैभव बांगर के मुताबिक- तीनों आरोपी शिवपुरवा के ही रहने वाले हैं और इशू के पुराने परिचित थे. आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है कि हत्या के पीछे केवल शराब का विवाद था या कोई पुरानी रंजिश भी थी. घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को बरामद करने के प्रयास जारी हैं.

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *